दिल्ली

पुरानी दिल्ली के विकास में बड़ा बदलाव, SRDC का नाम बदलने की तैयारी में रेखा सरकार

दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली सरकार शाहजहानाबाद पुनर्विकास निगम (SRDC) का नाम बदलने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में SRDC बोर्ड की हाई-लेवल रिव्यू मीटिंग में पुरानी दिल्ली और शाहजहानाबाद क्षेत्र के समग्र विकास, पिछली सरकार के कार्यकाल में हुई कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों पर चर्चा हुई। बैठक में तय किया गया कि प्राथमिकता के आधार पर तीन नए नामों के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे, जिनमें से एक फाइनल नाम चुना जाएगा।

चांदनी चौक पुनर्विकास परियोजना की समीक्षा
मीटिंग में दिगंबर लाल जैन मंदिर से फतेहपुरी मस्जिद तक फैली चांदनी चौक पुनर्विकास परियोजना का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब संस्था का व्यापक पुनर्गठन और पुनरुद्धार जरूरी है और इसे पुरानी दिल्ली और शाहजहानाबाद के विकास को तेज करने के लिए प्रभावी रूप से इस्तेमाल किया जाएगा।

लागत और भ्रष्टाचार पर सवाल
बैठक में पिछली सरकार के दौरान SRDC के कामकाज की समीक्षा भी हुई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 2018 में लगभग 65 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से शुरू हुई परियोजना बाद में बढ़कर 148 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जिससे मंजूरी और प्रक्रिया पालन पर गंभीर सवाल उठते हैं। उपलब्ध दस्तावेजों से यह भी संकेत मिलता है कि विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ और तत्कालीन बोर्ड अध्यक्ष व कुछ अधिकारियों की भूमिका सामने आई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी अनियमितताओं की गहन जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ऐतिहासिक टाउन हॉल को धरोहर स्मारक बनाए जाने की घोषणा
सीएम रेखा गुप्ता ने ऐतिहासिक टाउन हॉल को पुरानी दिल्ली की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को मजबूत करने के लिए धरोहर स्मारक के रूप में विकसित करने की घोषणा की। इसके अलावा, दिल्ली सरकार ने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 160 करोड़ रुपये की नई विकास परियोजनाओं की भी शुरुआत की है।

Related Articles

Back to top button