
यूपी में 90 हजार परिवारों को बड़ी राहत, पीएम आवास योजना के तहत खातों में पहुंचे एक-एक लाख रुपये
उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत बड़ी संख्या में लाभार्थियों को राहत मिली है। प्रदेश के 90 हजार परिवारों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए कुल 900 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी गई है। प्रत्येक लाभार्थी को पहली किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये प्रदान किए गए हैं।
मेरठ के 2626 लाभार्थियों को मिला लाभ
इस योजना के अंतर्गत मेरठ जनपद के विभिन्न निकायों से जुड़े कुल 2626 लाभार्थियों के खातों में भी पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इस पहल से शहरी गरीब परिवारों को अपने पक्के मकान के निर्माण में आर्थिक सहायता मिलेगी।
अटल सभागार में कार्यक्रम, सीएम का संबोधन लाइव देखा गया
मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित अटल सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बड़ी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव संबोधन प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
जनप्रतिनिधियों ने बांटे प्रमाण पत्र
इस मौके पर महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कैंट विधायक अमित अग्रवाल और सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे और योजना के महत्व पर प्रकाश डाला।
गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराना लक्ष्य
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और डूडा के परियोजना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य शहरी गरीबों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके।



