
बुलंदशहर में ओवरलोड डंपर ने सड़क किनारे सो रहे 4 मजदूरों को कुचला, 2 की मौके पर दर्दनाक मौत, मची चीख-पुकार
Bulandshahr News: खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के पास आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। सड़क निर्माण कार्य में लगे 4 मजदूर जब सुबह की गहरी नींद में थे, तभी रोड़ी (गिट्टी) से लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर उन पर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
कैसे हुआ खूनी हादसा?
हादसा सुबह करीब 7 बजे धराऊ चौकी क्षेत्र में हुआ, जहां PWD सड़क निर्माण का काम चल रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, डंपर में क्षमता से अधिक रोड़ी भरी हुई थी। अत्यधिक भार के कारण डंपर का संतुलन बिगड़ गया और वह एक तरफ झुककर सीधे सो रहे मजदूरों पर जा गिरा। रात भर काम करने के बाद चारों मजदूर डंपर के पास ही सो रहे थे। डंपर इतनी अचानक पलटा कि किसी को भागने या संभलने का समय ही नहीं मिला।
रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस कार्रवाई
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से भारी-भरकम डंपर को हटवाया और नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला। दो मजदूरों ने दम तोड़ दिया था, जबकि 2 घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और ओवरलोडिंग पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
अधिकारियों का बयान
सीओ खुर्जा देहात, शोभित कुमार ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि क्या डंपर चालक की लापरवाही या ओवरलोडिंग इस हादसे की मुख्य वजह थी। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



