
पटना। बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों में दहशत फैला दी। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में खड़ी एक एंबुलेंस में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। वहीं, दूसरी घटना में गंजपर गांव के पास चूल्हे की चिंगारी से दो झोपड़ीनुमा घर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
खड़ी एंबुलेंस बनी आग का गोला
पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के गोसाईं टोला स्थित एक निजी स्कूल के पास खड़ी एंबुलेंस में बुधवार शाम अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में एंबुलेंस पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई। पास में खड़ी दो अन्य एंबुलेंस भी इस आग की चपेट में आ गईं, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह एंबुलेंस लंबे समय से वहीं खड़ी थी और उसके आसपास भी कई वाहन मौजूद थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
गंजपर गांव में चूल्हे की चिंगारी से लगी आग
इसी बीच, गंजपर गांव के निकट एक अन्य घटना में चूल्हे से निकली चिंगारी ने बड़ा नुकसान कर दिया। आग लगने से दो झोपड़ीनुमा घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में हजारों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई।
समय पर पहुंची दमकल, टला बड़ा हादसा
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य घरों को सुरक्षित बचा लिया गया।
पीड़ित हरिन्दर राय और प्रदुमन राय ने बताया कि खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी के कारण यह आग लगी। इस हादसे में उनके घर में रखा अनाज, कपड़े और नकदी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
प्रभावित परिवारों ने की मदद की मांग
घटना के बाद प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से राहत और पुनर्वास की मांग की है। स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



