दिल्ली

कौन बनेगा दिल्ली कांग्रेस का जिला अध्यक्ष? राहुल-खरगे की अंतिम मुहर पर होगा फैसला

पूर्वी दिल्ली। पूर्व सांसद व ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक रामचंद्र खूंटिया ने कहा कि जिला अध्यक्ष का चयन अंततः शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी से ही होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयनित नामों को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के पास भेजा जाएगा, जहां से अंतिम फैसला लिया जाएगा।

संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में खूंटिया ने कहा कि जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी कार्यकर्ताओं, ब्लॉक अध्यक्षों, पूर्व विधायकों, पूर्व पार्षदों, सेवादल, महिला कांग्रेस और एससी-एसटी विभाग के पदाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से राय ली जाएगी।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को बंद कमरे में अपनी राय रखने का अवसर दिया जाएगा, ताकि वे बिना किसी दबाव के संगठन को मजबूत करने के सुझाव दे सकें। साथ ही वर्तमान जिला अध्यक्ष के कार्यों का मूल्यांकन भी किया जाएगा और अन्य संभावित दावेदारों के नामों पर भी चर्चा होगी।

खूंटिया ने बताया कि इच्छुक नेता निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करेंगे और जिन नामों को सबसे अधिक समर्थन मिलेगा, उन्हें अंतिम सूची में शामिल कर शीर्ष नेतृत्व के पास भेजा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद ही नए जिला अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।

बैठक में वर्तमान जिला अध्यक्ष राजकुमार जैन के अलावा पूर्व मंत्री मंगतराम सिंगल, पूर्व विधायक राजेश लिलोठिया, भीष्म शर्मा, विपिन शर्मा, लोकसभा ऑब्जर्वर लक्ष्मण रावत, जिला उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, जिला संगठन महासचिव राम ठाकुर, पूर्व जिला अध्यक्ष कैलाश जैन, पूर्व निगम पार्षद अजीत चौधरी, देवानंद चौधरी, राजकुमार कंवर, पी.पी. सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button