दिल्ली

दिल्ली में जनगणना 2027 की डिजिटल शुरुआत, MCD क्षेत्र में ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ लॉन्च, एलजी और सीएम ने दर्ज किया अपना डेटा

नई दिल्ली में डिजिटल प्रशासन की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए शुक्रवार को एमसीडी क्षेत्र में ‘जनगणना 2027’ के तहत ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ यानी स्व-गणना प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस पहल के साथ राजधानी में जनगणना प्रक्रिया को तकनीक आधारित और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ी शुरुआत मानी जा रही है।

एलजी और सीएम ने दर्ज किया अपना डेटा, अभियान की हुई शुरुआत

इस डिजिटल अभियान के पहले दिन उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने पोर्टल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज कर इस प्रक्रिया की शुरुआत की। अधिकारियों ने इसे नागरिक भागीदारी आधारित एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

सीएम ने बताया सरल और सुरक्षित प्रक्रिया

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आंकड़ों की गोपनीयता भी सुनिश्चित रहेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जब नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करते हैं तो त्रुटियों की संभावना काफी कम हो जाती है, जिससे सटीक डेटा तैयार होता है। यह डेटा दिल्ली में बेहतर नीतियों और नागरिक सुविधाओं के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

पहले ही एनडीएमसी और कैंट में पूरी हो चुकी है प्रक्रिया

अधिकारियों के अनुसार, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) और दिल्ली कैंट क्षेत्र में यह प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। इन क्षेत्रों में पहले चरण के तहत घर-घर जाकर सूचीकरण और गणना का कार्य किया गया था।

हर घर के लिए एक लॉगिन, आसान डिजिटल प्रक्रिया

एमसीडी के 250 वार्डों में रहने वाले सभी नागरिक, चाहे उनका डोमिसाइल किसी भी राज्य का हो, इस पोर्टल के जरिए अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए हर घर को केवल एक लॉगिन की आवश्यकता होगी, जिसे परिवार का मुखिया या कोई भी सदस्य मोबाइल नंबर के माध्यम से पूरा कर सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि पहली बार लॉगिन करते समय उपयोगकर्ता को भाषा चुननी होगी, जिसे बाद में बदला नहीं जा सकेगा। यह पूरी प्रक्रिया 1 मई से 15 मई तक एमसीडी क्षेत्र में संचालित की जा रही है।

Related Articles

Back to top button