अपराध

जिस बच्ची ने दिया खाना, उसी पांच साल की मासूस से हैवानियत; फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

धमोरा (रामपुर)। क्षेत्र में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोपित पड़ोस का रहने वाला युवक है, जिसके माता-पिता नहीं हैं। वह गांव में आवारा घूमता रहता था और नशा करता था। घटना के बाद से आरोपित युवक फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना थाना शहजादनगर क्षेत्र की है।

गांव के एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी है, जिसमें कहा है कि मंगलवार को दोपहर के समय उनकी पांच साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थीं। इस दौरान गांव का ही अर्जुन उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

मासूम के रोने पर आरोपित उसे छोड़कर फरार हो गया। बालिका रोती हुई घर पहुंची और घटना की पूरी जानकारी दी। उसकी बात सुनकर स्वजन के होश उड़ गए। स्वजन उसे लेकर आरोपित के घर पहुंचे, लेकिन वह फरार हो चुका था। इसके बाद स्वजन थाने पहुंचे और घटना की तहरीर दी।

बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना से गांव के लोगों में आक्रोश है। युवक के माता-पिता नहीं हैं। एक बहन है, जो अपने चाचा के यहां रहती है। युवक का एक भाई भी है, जो उससे वास्ता नहीं रखता है। युवक नशा करता है और गांव में ही मांगकर खाता था। बच्ची उसके पड़ोस में रहती थी। उनके घर भी मांगकर खाता था।

इसके कारण बच्ची उसे पहचानती थी, जिसका उसने फायदा उठाया। शहजादनगर थाना प्रभारी कुलदीप राणा ने बताया कि आरोपित अर्जुन फरार है। उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। बच्ची की स्थिति ठीक है। स्वजन की शिकायत पर दुष्कर्म की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शनिवार को बच्ची का मेडिकल कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button