उत्तर प्रदेशराज्य

बुलंदशहर में गोद भराई समारोह बना आफत, जहरीला खाना खाने से 40 से ज्यादा मेहमान बीमार, बच्चों और महिलाओं में मची चीख-पुकार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में खुशियों का माहौल उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया जब गोद भराई समारोह में परोसा गया खाना खाने के बाद एक-एक कर मेहमानों की तबीयत बिगड़ने लगी। जहांगीराबाद क्षेत्र के सलगवां गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में दूषित भोजन खाने से बच्चों और महिलाओं समेत 40 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और समारोह स्थल पर चीख-पुकार का माहौल बन गया।

मटर पनीर और मिठाई खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात सलगवां गांव में गोद भराई की रस्म का आयोजन किया गया था। समारोह में शामिल मेहमानों को खाना परोसा गया, लेकिन कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते कई लोगों की हालत बिगड़ गई, जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।

इस मामले में अनूपशहर की उप जिलाधिकारी प्रियंका गोयल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मटर पनीर और मिठाई को फूड पॉइजनिंग की वजह माना जा रहा है। दूषित भोजन खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत खराब हुई।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बीमार हुए लोगों को पहले जहांगीराबाद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। प्रशासन के मुताबिक अस्पताल में भर्ती सभी लोगों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

खाने के नमूने जांच के लिए भेजे गए

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग को जांच के आदेश दे दिए हैं। समारोह में परोसे गए खाने के नमूनों को सील कर लैब में भेजा गया है। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि खाने में इस्तेमाल किया गया पनीर या मिठाई मिलावटी थी या फिर गर्मी की वजह से भोजन खराब हो गया था।

उप जिलाधिकारी प्रियंका गोयल ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button