मनोरंजन

सूरज नांबियार संग तलाक की अटकलों के बीच मौनी रॉय ने तोड़ी चुप्पी, सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर मीडिया से की खास अपील

टीवी और फिल्म अभिनेत्री मौनी रॉय इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। सोशल मीडिया पर पति सूरज नांबियार को अनफॉलो करने के बाद उनके रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। देखते ही देखते दोनों के अलग होने और तलाक की खबरों ने जोर पकड़ लिया।

मंगलवार से लगातार चल रही इन अटकलों के बीच अब आखिरकार मौनी रॉय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। हालांकि अभिनेत्री ने सीधे तौर पर तलाक की खबरों को खारिज नहीं किया, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर मीडिया और लोगों से निजता बनाए रखने की अपील जरूर की है।

इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया पोस्ट

मौनी रॉय ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी बात रखते हुए लिखा, “सभी मीडिया संस्थानों से विनम्र निवेदन है कि वे झूठे नरेटिव प्रकाशित न करें और कृपया हमें निजता और गोपनीयता दें।”

इसके साथ अभिनेत्री ने फोल्डेड हैंड इमोजी भी शेयर किया। मौनी की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

अनफॉलो करने के बाद तेज हुई थीं अटकलें

दरअसल, सोशल मीडिया यूजर्स ने सबसे पहले इस बात पर ध्यान दिया कि मौनी रॉय ने पति सूरज नांबियार को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है। इसके बाद से ही दोनों के रिश्ते में दरार की खबरें सामने आने लगीं।

इसी बीच लोगों ने यह भी नोटिस किया कि पिछले कुछ महीनों से मौनी और सूरज ने साथ में कोई नई तस्वीर या पोस्ट साझा नहीं की है, जिससे इन चर्चाओं को और हवा मिली।

क्लब में हुई थी पहली मुलाकात

मौनी रॉय और सूरज नांबियार की लव स्टोरी भी काफी चर्चा में रही है। दोनों की पहली मुलाकात एक क्लब में हुई थी, जहां से उनकी दोस्ती की शुरुआत हुई। धीरे-धीरे दोनों करीब आए और फिर एक-दूसरे को डेट करने लगे।

लॉकडाउन के दौरान मौनी लंबे समय तक दुबई में सूरज के साथ रहीं। इसी दौरान दोनों का रिश्ता और मजबूत हुआ और उन्होंने अपने रिश्ते को अगले पड़ाव तक ले जाने का फैसला किया।

2022 में रचाई थी शादी

लंबे समय तक अपने रिश्ते को निजी रखने के बाद मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने 27 जनवरी 2022 को शादी की थी। दोनों ने बंगाली और मलयाली रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया था।

शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे। इसके बाद भी मौनी अक्सर पति सूरज के साथ तस्वीरें साझा करती रहती थीं, लेकिन हाल के महीनों में दोनों साथ नजर नहीं आए हैं।

Related Articles

Back to top button