घर के मंदिर में लोटे में जल रखने की परंपरा क्यों? जानें इसके पीछे के वास्तु नियम और धार्मिक मान्यता

वास्तु शास्त्र में घर के मंदिर से जुड़ी कई ऐसी मान्यताएं और नियम बताए गए हैं, जिनका पालन करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सुख-समृद्धि बढ़ती है। इन्हीं परंपराओं में एक महत्वपूर्ण नियम मंदिर में जल से भरा लोटा रखने का भी बताया गया है। मान्यता है कि इससे नकारात्मकता दूर होती है और घर का वातावरण पवित्र बना रहता है।
घर के मंदिर में जल रखने का धार्मिक महत्व
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर के मंदिर में जल से भरा लोटा रखना अत्यंत शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि जिस प्रकार पूजा में गरुड़ घंटी के रूप में गरुड़ देव की उपस्थिति मानी जाती है, उसी प्रकार जल से भरे लोटे में वरुण देव का वास माना जाता है। वरुण देव को जल का अधिपति और संसार का रक्षक माना गया है। इसलिए मंदिर में जल रखना उन्हें स्थापित करने के समान माना जाता है। इसके अलावा जब इस जल में तुलसी के कुछ पत्ते डाल दिए जाते हैं तो इसकी पवित्रता और भी बढ़ जाती है। मान्यता है कि तुलसी के पत्ते डालते ही यह जल आचमन योग्य हो जाता है और फिर इसी पवित्र जल से देवी-देवताओं का आचमन किया जाता है, जिससे देवी-देवता शीघ्र प्रसन्न होते हैं।
जल रखने के वास्तु नियम और दिशा
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर के मंदिर में रखा जाने वाला जल हमेशा उत्तर दिशा या ईशान कोण में रखना चाहिए, क्योंकि यह दिशा अत्यंत शुभ मानी जाती है और इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा तथा समृद्धि का प्रवाह बढ़ता है। मंदिर में जल रखते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि लोटा तांबे के धातु का हो। पूजा के बाद बचे हुए जल को व्यर्थ न फेंके, बल्कि उसे पौधों में डाल दें या पक्षियों के लिए सुरक्षित स्थान पर रख दें। जल को इधर-उधर फेंकना अशुभ माना जाता है और इससे सकारात्मक ऊर्जा प्रभावित हो सकती है।



