करिअर

CBSE 12वीं रिजल्ट 2026: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और वकील की बेटी बनी मैनपुरी टॉपर, 99% अंक के साथ अनामिका चौहान ने रचा इतिहास, जज बनने का सपना

मैनपुरी: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम मंगलवार दोपहर जारी होते ही मैनपुरी में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार जिले में बालाजी ग्लोबल एकेडमी की छात्रा अनामिका चौहान ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।

जिले में दूसरे स्थान पर रहे समीर, 97.4 प्रतिशत अंक किए हासिल

जिले में दूसरे स्थान पर सुदिति ग्लोबल एकेडमी के छात्र समीर रहे, जिन्होंने 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। परिणाम जारी होने के बाद कई विद्यालयों में विद्यार्थियों के अंक रिकॉर्ड किए जा रहे हैं, जबकि छात्र-छात्राएं उमंग एप, डिजिलॉकर और इंटरनेट माध्यम से अपना रिजल्ट चेक करते नजर आए।

3497 छात्रों ने दी परीक्षा, 10 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा

जानकारी के अनुसार, जनपद में सीबीएसई 12वीं परीक्षा में कुल 3497 विद्यार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा का आयोजन जिले के 10 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया था। इससे पहले सीबीएसई ने 10वीं का परिणाम जारी किया था, जिसके बाद अब 12वीं का रिजल्ट घोषित किया गया है।

अनामिका चौहान का सपना—जज बनकर दिलाना चाहती हैं न्याय

जिला टॉपर अनामिका चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय अनुशासन और मेहनत को दिया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य न्यायिक सेवा में जाकर जज बनना है ताकि पीड़ितों को न्याय दिला सकें। अनामिका के पिता राघवेंद्र चौहान अधिवक्ता हैं, जबकि उनकी मां गौरी चौहान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं। परिवारिक पृष्ठभूमि ने भी उन्हें इस दिशा में प्रेरित किया है।

मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर की पढ़ाई

अनामिका ने बताया कि उन्होंने अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने के लिए मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी। उनका किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई अकाउंट नहीं है, जिसका सीधा असर उनकी पढ़ाई और प्रदर्शन पर देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button