आम आदमी पार्टी की मेरठ से गाजियाबाद तक पदयात्रा, 16 मई को मेरठ में जनसभा
आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में 16 मई से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक आयोजित की जाएगी पदयात्रा।
Meerut News। आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में 16 मई से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक आयोजित होने वाली पांचवें चरण की “रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो पदयात्रा” को लेकर गुरुवार को मेरठ के जिमखाना मैदान के सामने स्थित अपार चेंबर में प्रेसवार्ता एवं तैयारी बैठक का आयोजन किया गया।
भाजपा सरकार पर धोखा देने का आरोप लगाया
बैठक में आम आदमी पार्टी दिल्ली के विधायक सुरेंद्र चौधरी, आप यूपी के पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका और मेरठ जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर जनता को धोखा देने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि यह पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि रोजगार, समान अवसर, संवैधानिक अधिकार और सामाजिक न्याय की निर्णायक लड़ाई है, जिसमें युवाओं, किसानों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों और वंचित समाज की आवाज को बुलंद किया जाएगा।
मिस्ड कॉल से जुड़ने का आहवान
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विधायक सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि अब तक पदयात्रा के चार चरण सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं और जिस प्रकार जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है, उससे स्पष्ट है कि देश और प्रदेश की जनता अब रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर निर्णायक संघर्ष चाहती है। उन्होंने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि लोग बड़ी संख्या में पांचवें चरण की इस पदयात्रा से जुड़ें और रोजगार व सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करें। उन्होंने बताया कि 7500040004 पर मिस्ड कॉल देकर कोई भी व्यक्ति इस जनआंदोलन का हिस्सा बन सकता है।
पदयात्रा कमिश्नरी पार्क से शुरू
सुरेंद्र चौधरी ने पदयात्रा के पहले दिन के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 16 मई को क्रांति की धरती मेरठ के कमिश्नरी पार्क में आप यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके बाद उनके नेतृत्व में पदयात्रा की शुरुआत होगी। उन्होंने बताया कि पहले दिन की पदयात्रा कमिश्नरी पार्क से शुरू होकर कचहरी के सामने हनुमान मंदिर, बच्चा पार्क, खैर नगर चौपला, छतरी वाला पीर, घंटाघर, डीएन कॉलेज और मेट्रो प्लाजा होते हुए ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे गणपति भवन तक पहुंचेगी, जहां पहले दिन का समापन होगा। उन्होंने कहा कि पूरी पदयात्रा के दौरान गांव-गांव, कस्बों और शहरों में जाकर जनता से सीधा संवाद किया जाएगा और युवाओं, किसानों, मजदूरों तथा वंचित समाज की समस्याओं को सुना जाएगा। उन्होंने बताया कि पदयात्रा का समापन 20 मई को गाजियाबाद में होगा, जहां संजय सिंह विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
शिक्षित युवा डिग्रियां लेकर नौकरी की तलाश में भटक रहे
इस दौरान पश्चिमी प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश और देश का नौजवान आज बेरोजगारी से त्रस्त है। लाखों शिक्षित युवा डिग्रियां लेकर नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन सरकार रोजगार देने के बजाय केवल झूठे प्रचार और विज्ञापनों में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होना यह साबित करता है कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। मेहनत और तैयारी करने वाले युवाओं का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक युवाओं को सम्मानजनक रोजगार नहीं मिलेगा, तब तक विकास के दावे केवल भाषणों और नारों तक सीमित रहेंगे।
किसान कर्ज में डूबा,नौजवान बेरोजगार
जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को जाति और धर्म के नाम पर बांटकर असली मुद्दों से ध्यान हटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर है, किसान कर्ज में डूबा हुआ है, नौजवान बेरोजगार है और गरीब आदमी इलाज व शिक्षा के लिए परेशान है, लेकिन सरकार इन सवालों का जवाब देने के बजाय समाज में नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की यह पदयात्रा सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है और पार्टी पूरी मजबूती के साथ जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।
प्रेस वार्ता में दिल्ली विधायक सुरेंद्र चौधरी, पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, प्रदेश प्रवक्ता जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी, दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सलीम मंसूरी, कैंट विधानसभा अध्यक्ष भरत लाल यादव, सरधना विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, जिला महासचिव जीएस राजवंशी, जिला संरक्षक एसके शर्मा, माइनॉरिटी विंग प्रदेश उपाध्यक्ष गुरमिंदर सिंह आदि रहे।



