
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को आंधी-बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बलौदाबाजार और महासमुंद जिलों में मध्यम स्तर के गरज-चमक वाले तूफान, तेज झोंकेदार हवाएं, बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सुकमा और रायगढ़ सहित कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। खासतौर पर किसानों को खेतों में काम करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि बिजली गिरने की घटनाएं जानलेवा हो सकती हैं। यह अलर्ट 15 मई रात 02:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।
प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, तापमान में बढ़ोतरी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी भी हो सकती है, जबकि 17 मई से कुछ हिस्सों में लू चलने की आशंका जताई गई है।
देश के अन्य राज्यों में भी मौसम का असर
मौसम विभाग ने देश के 10 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में भी लगातार बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी बदला मौसम
मध्य प्रदेश में कहीं लू तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति देखने को मिल सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश में कुछ जिलों में बारिश के साथ कई क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।



