
गंभीर बीमारियों के इलाज में कोई कमी नहीं आने देगी सरकार, सीएम योगी ने जनता दर्शन में दिया भरोसा
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों को भरोसा दिलाया कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी मरीज का इलाज नहीं रुकेगा और जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद दी जाएगी।
शनिवार सुबह आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 200 लोगों से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के भी दिए निर्देश
जनता दर्शन में एक महिला ने अपने बच्चे के इलाज में आर्थिक परेशानी और आयुष्मान कार्ड न होने की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर सीएम योगी ने उसे आश्वस्त करते हुए कहा कि बच्चे का इलाज हर हाल में कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड भी बनवाया जाएगा और विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने एक अन्य महिला को भी इसी तरह भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित सभी दस्तावेज और खर्च का अनुमान तैयार कर जल्द शासन को भेजा जाए, ताकि समय रहते सहायता जारी की जा सके।
समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश
जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रार्थना पत्र लेकर मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से होना चाहिए।
अपराधियों और भू-माफिया पर सख्ती के निर्देश
कार्यक्रम में अपराध और जमीन कब्जाने से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। इन मामलों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



