मॉनसून देने वाला है बड़ी राहत, IMD ने बताई दस्तक की तारीख; आज 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली: देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम अब राहत भरी खबर देने लगा है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की एंट्री को लेकर मौसम विभाग ने बड़ा अपडेट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मॉनसून 26 मई के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है। हालांकि, इसके आगमन की तारीख में चार दिन आगे-पीछे होने की संभावना भी जताई गई है। इस बीच देश के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने के संकेत मिले हैं।
आज 10 राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि देश के कम से कम 10 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर में 19 से 22 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड में 20 से 22 मई के दौरान बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 19 से 24 मई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। गंगीय पश्चिम बंगाल में 21 और 22 मई को बारिश हो सकती है, जबकि ओडिशा में 19 मई और फिर 22 से 24 मई के बीच बारिश के आसार जताए गए हैं।
बिहार-झारखंड में तेज हवा और भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक बिहार में 19 से 21 मई के बीच और झारखंड में 20 मई को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में भी 20 और 21 मई को मौसम बिगड़ने की संभावना है।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम करवट ले सकता है। तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में 19 मई को भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बदलेगा मौसम
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 से 22 मई के बीच बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 22 मई को भारी बारिश हो सकती है। वहीं असम और मेघालय में 21 और 22 मई को तेज बारिश का अनुमान है।
कहां तक पहुंच चुका है मॉनसून
आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के अधिकांश हिस्सों और कन्याकुमारी क्षेत्र के कुछ इलाकों तक आगे बढ़ चुका है। इसके अलावा यह दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है।
चक्रवाती परिसंचरण से बदला मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण के चलते दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में निम्न वायु दाब का क्षेत्र सक्रिय हुआ है। इसका असर केरल, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और दक्षिण लक्षद्वीप से सटे इलाकों में देखने को मिल रहा है। इसी वजह से अगले पांच दिनों के दौरान केरल और माहे में तेज हवाओं, बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।



