गर्मी की छुट्टियों में स्कूल संचालन पर सख्त रुख, डीपीआई ने कार्रवाई के दिए निर्देश

रायपुर: भीषण गर्मी के बीच घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान निजी स्कूलों द्वारा कक्षाएं संचालित करने के मामलों पर अब शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखा दी है। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और संभागीय संयुक्त संचालकों को ऐसे स्कूलों की पहचान कर नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
विभाग ने यह भी कहा है कि कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट शासन को समय पर भेजी जाए, ताकि पूरे मामले की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
20 अप्रैल से 15 जून तक लागू है ग्रीष्मकालीन अवकाश
राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और अशासकीय विद्यालयों में 20 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है। इसके बावजूद कई निजी स्कूलों द्वारा इस अवधि में बच्चों को बुलाकर नियमित कक्षाएं संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, कुछ निजी विद्यालय शासन के स्पष्ट आदेशों के बावजूद स्कूल संचालन जारी रखे हुए हैं, जिसे नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है। हाल ही में हाई कोर्ट ने भी अवकाश अवधि में कक्षाएं संचालित करने को लेकर चिंता जताई थी, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निगरानी बढ़ा दी है।
विभाग ने संकेत दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



