उत्तर प्रदेशराज्य

हरदोई में आधी रात भीषण अग्निकांड: नवीन फल मंडी गेट पर 8 दुकानें जलकर खाक, सिलेंडर धमाकों से मचा हड़कंप, बड़ा हादसा टला

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शहर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ रोड स्थित नवीन फल मंडी गेट के बाहर अचानक भीषण आग भड़क उठी। इस अग्निकांड में टीन शेड और लोहे के खोखों में बनी 8 दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।

घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जब अचानक एक दुकान से आग की लपटें उठीं और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आसपास की कई दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

गैस सिलेंडर फटने से मची भगदड़, इलाके में दहशत

आग लगने के दौरान दुकानों में रखे एक कमर्शियल और तीन घरेलू गैस सिलेंडर भी चपेट में आ गए। इनमें से दो सिलेंडर फटने से जोरदार धमाके हुए, जिससे आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बाकी सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर, डेढ़ घंटे में पाया गया काबू

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

लाखों का सामान जलकर खाक, कई दुकानदार प्रभावित

इस अग्निकांड में मनोज कुमार, राजू गुप्ता, गजरानी, सुमित पाल, रिंकू प्रजापति और रमाकांत की दुकानें पूरी तरह जल गईं। दुकानदारों के मुताबिक फास्ट फूड, मिठाई और परचून का लाखों रुपये का सामान भी आग में नष्ट हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

कोई जनहानि नहीं, जांच जारी

जिला अग्निशमन अधिकारी शिवराम यादव ने बताया कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

Related Articles

Back to top button