राज्यराष्ट्रीय

ओडिशा : निमार्णाधीन सेप्टिक टैंक में दम घुटने से छह लोगों की मौत, पुलिस ने परिजनों को सौंपे शव

भुवनेश्वर : ओडिशा के कालाहांडी जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर दम घुटने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना मदनपुर-रामपुर थाना क्षेत्र के करियाखुंटा गांव में हुई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को परिजनों को सौंपा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी लोग निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर काम कर रहे थे। इसी दौरान आशंका है कि जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण उनका दम घुट गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और सभी को बाहर निकाला गया।

इस हादसे पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट जारी कर कहा कि मदनपुर-रामपुर में निर्माण स्थल पर हुए इस हादसे में छह लोगों की मौत बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

Related Articles

Back to top button