उत्तराखंड

PM पोषण योजना को लेकर मुख्य सचिव सख्त, सोशल ऑडिट बढ़ाने और बच्चों की डिजिटल ट्रैकिंग के दिए निर्देश

देहरादून: प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को सचिवालय में राज्य स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने की, जिसमें पीएम पोषण योजना की प्रगति, व्यवस्थाओं और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएम पोषण योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक विद्यालयों का सोशल ऑडिट कराया जाए। उन्होंने कहा कि सोशल ऑडिट के दौरान सामने आने वाली कमियों की जानकारी संबंधित जनपदों को तत्काल उपलब्ध कराई जाए और तय समय में अनुपालन रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाए।

बच्चों की डिजिटल मैपिंग और हेल्थ ट्रैकिंग पर जोर

मुख्य सचिव ने विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की डिजिटल मैपिंग और ट्रैकिंग मैकेनिज्म विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की नियमित निगरानी बेहद जरूरी है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को एनीमिया सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित बच्चों की पहचान कर उपचार और लगातार फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने विद्यालयों के स्थान आधारित विशेष विश्लेषण पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि किस जिले या ब्लॉक में बच्चों को किस प्रकार की स्वास्थ्य समस्याएं अधिक हो रही हैं। इसके आधार पर उन क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य और पोषण संबंधी योजनाएं लागू की जा सकेंगी।

मशरूम प्रशिक्षण और फोर्टिफाइड दूध जैसी नई पहल

बैठक में सचिव श्री रविनाथ रमन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारत सरकार को भेजी जाने वाली वार्षिक कार्ययोजना और बजट प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विभाग ने नई पहल के तहत बागेश्वर और हरिद्वार जनपदों की कुल 78 भोजन माताओं को मशरूम खेती का प्रशिक्षण दिया है, ताकि मध्याह्न भोजन में पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाई जा सके।

इसके अलावा उत्तराखंड सहकारी डेयरी फेडरेशन लिमिटेड के सहयोग से बच्चों को सप्ताह में दो बार फोर्टिफाइड फ्लेवर्ड स्किम्ड दूध भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

बैठक में सचिव श्री रविनाथ रमन, श्री चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव श्रीमती नमामि बंसल, श्री रोहित मीणा, निदेशक विद्यालयी शिक्षा श्री मुकुल कुमार सती समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button