देहरादून: उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या से जुड़े मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच टीम ने गिरधारी लाल साहू और मामले में नामजद एक महिला को नोटिस जारी कर प्रकरण के संबंध में बयान दर्ज कराने के लिए देहरादून बुलाया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के घर पर नहीं मिलने के बाद उनके संपर्क में रहने वाले लोगों और परिजनों पर भी नजर रखी जा रही है।
रेखा आर्या ने कैंट कोतवाली में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ धोखाधड़ी, हत्या की साजिश और एससी-एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में एसआईटी मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज कर चुकी है। अब गिरधारी लाल साहू और संबंधित महिला के बयान दर्ज किए जाने हैं।
महिला से बातचीत का ऑडियो पुलिस को सौंपा
मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार, संबंधित महिला उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। मंत्री रेखा आर्या ने साहू और महिला के बीच बातचीत का एक ऑडियो पुलिस को उपलब्ध कराया है। पुलिस इस मामले में आरोपों की जांच कर रही है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि दोनों को नोटिस जारी कर बयान देने के लिए बुलाया गया है।
साहू के दोनों मोबाइल नंबर बंद
रिपोर्ट के मुताबिक, गिरधारी लाल साहू फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस को उनके बरेली या कुमाऊं क्षेत्र में होने की जानकारी नहीं मिली है। एसआईटी ने उनके दो मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए हैं, लेकिन दोनों नंबर बंद आ रहे हैं। पुलिस उनकी मौजूदगी का पता लगाने और मामले की जांच आगे बढ़ाने में जुटी है।




