
जन्मदिन पर एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी देखभाल करें: सीएम योगी की युवाओं-बच्चों से खास अपील
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के बच्चों और युवाओं के नाम एक विशेष पत्र लिखा है, जिसे “योगी की पाती” शीर्षक दिया गया है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने जन्मदिन और अन्य शुभ अवसरों पर एक पौधा लगाने और उसकी जिम्मेदारी लेने की अपील की है।
जन्मदिन पर पौधा लगाने की सीएम योगी की अपील
सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि हर बच्चे और युवा को अपने जन्मदिन या किसी भी शुभ अवसर पर एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे एक अभिभावक की तरह पालकर बड़ा वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण और वृक्षारोपण जैसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी की भी अपील की।
‘प्रकृति की रक्षा ही सनातन संस्कृति का आधार’
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में भारतीय संस्कृति और प्रकृति के गहरे संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन परंपरा में वृक्षों, नदियों, पहाड़ों और जीव-जंतुओं को पूजनीय माना गया है और प्रकृति की रक्षा को ईश्वर की आराधना के समान बताया गया है।
उन्होंने कहा कि देव ऋण, ऋषि ऋण और पितृ ऋण में से देव ऋण का संबंध सीधे प्रकृति और पर्यावरण से है, जिसे जल, जंगल और जमीन की रक्षा से पूरा किया जा सकता है।
पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों का किया जिक्र
सीएम योगी ने राज्य सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि “जल है तो हम हैं” की सोच के तहत नदियों के पुनर्जीवन और संरक्षण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।
उन्होंने ‘एक जनपद, एक नदी’ योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। साथ ही, उत्तर प्रदेश में रामसर स्थलों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है, जो राज्य की पर्यावरणीय उपलब्धियों को दर्शाता है।
भविष्य के लिए हरित उत्तर प्रदेश का संकल्प
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जलस्रोतों के संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर एक हरित, सुरक्षित और समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राज्य के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आधारशिला है।



