उत्तर प्रदेशमेरठराज्य

मेरठ में बिजली संकट, महंगाई और स्मार्ट मीटर के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन

प्रदेशभर से फर्जी बिलिंग, गलत रीडिंग और कई गुना बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

Meerut News : आम आदमी पार्टी, मेरठ के कार्यकर्ताओं ने भीषण बिजली संकट, अघोषित बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों तथा स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत माननीया राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया।
22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित
कैंट विधानसभा अध्यक्ष भरत लाल यादव ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में प्रदेश की जनता बिजली संकट से त्रस्त है। अनेक जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की घटनाएं सामने आ रही हैं। राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में आम नागरिक, किसान, व्यापारी, छात्र और कर्मचारी अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। जनता देश की सबसे महंगी बिजली दरें चुकाने के बावजूद पर्याप्त और निर्बाध बिजली नहीं पा रही है।
किसानों की खेती और विद्यार्थियों की पढाई प्रभावित
दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सलीम मंसूरी ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। गांवों और शहरों में घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उद्योग, व्यापार, खेती और विद्यार्थियों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है।
किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष फुरकान त्यागी ने कहा कि बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत प्रदेश की बदहाल बिजली व्यवस्था का दुखद उदाहरण है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं न्याय दिया जाना चाहिए।
महिलाओं को उठानी पड़ रही परेशानी
महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष नीलम शर्मा ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को भी जनता के लिए परेशानी का कारण बताते हुए कहा कि प्रदेशभर से फर्जी बिलिंग, गलत रीडिंग और कई गुना बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। लाखों उपभोक्ता आर्थिक शोषण का शिकार हो रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान नहीं किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अघोषित बिजली कटौती बंद करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर एवं फर्जी बिलिंग की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रदेशवासियों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदेश व्यापी आंदोलन और तेज किया जाएगा
आम आदमी पार्टी ने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश की करोड़ों जनता के हितों से जुड़ा हुआ है और यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो प्रदेशव्यापी जनआंदोलन को और तेज करेगी। आज के विरोध प्रदर्शन में सरधना विधान सभा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष रियाज खान, जिला सचिव वैभव मलिक, जिला सचिव अतुल नागर, आरिफ, अब्दुल्ला, नदीम, अशफाक अंसारी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button