
UP Police Exam 2026: योगी सरकार का बड़ा ऐलान, भर्ती परीक्षा अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में मिलेगा 50% किराया छूट का लाभ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले उम्मीदवार अब उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में आधे किराए पर सफर कर सकेंगे। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य अभ्यर्थियों को आर्थिक राहत देना और उनकी यात्रा को आसान बनाना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में यात्रा के दौरान 50 प्रतिशत किराया छूट दी जाएगी। इसके लिए उम्मीदवारों को बस में अपना प्रवेश पत्र दिखाना होगा, जिसके आधार पर उन्हें रियायती किराए का लाभ मिलेगा।
प्रदेश सरकार ने कहा है कि युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को दूसरे जिलों में स्थित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना है, ऐसे में यह निर्णय उनके लिए बड़ी राहत साबित होगा।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में कराई जा रही है। इस भर्ती परीक्षा में करीब 29 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
सरकार ने परीक्षा अवधि के दौरान परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफल आयोजन के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



