
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में देव मोड़ के पास सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। पर्यटकों से भरी बस और ट्रक टेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए।
बोधगया से काशी जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, पर्यटक बस बोधगया से उत्तर प्रदेश के काशी की ओर जा रही थी। इसी दौरान देव मोड़ गांव के पास ओवरटेक करने के प्रयास में बस सामने चल रहे ट्रक टेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन यात्रियों की मौके पर मौत, कई घायल
हादसे में बस में सवार तीन पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान आंध्र प्रदेश के नेल्लूर जिले के संगमा गांव निवासी हजरतया, फातमावती और पशुलेट वेंकटेश के रूप में हुई है। वहीं करीब 20 यात्री घायल हुए हैं।
घायलों का अस्पताल में इलाज, गंभीर मरीज रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। औरंगाबाद सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आठ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।



