
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण कर रिसॉर्ट निर्माण की तैयारी का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर के निर्देश पर निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया।
मामला जिले के ग्राम बरारी का है, जहां करीब 70 डिसमिल शासकीय भूमि पर पेड़ों की कटाई कर रिसॉर्ट निर्माण की तैयारी किए जाने की जानकारी प्रशासन तक पहुंची थी। शिकायत के बाद राजस्व और प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और मौके पर कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया गया।
70 डिसमिल सरकारी भूमि पर निर्माण की तैयारी का आरोप
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरारी में सरकारी भूमि पर कब्जा कर व्यावसायिक निर्माण की तैयारी किए जाने की शिकायत प्रशासन को मिली थी। आरोप है कि रिसॉर्ट निर्माण के लिए जमीन पर मौजूद पेड़ों की कटाई भी की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
40 वर्षों से कब्जे का दावा, कार्रवाई स्वीकार करने की बात
आरोपों के घेरे में आए बरारी निवासी खूबलाल ध्रुव ने दावा किया है कि वह पिछले लगभग 40 वर्षों से उक्त भूमि पर काबिज है। उनका कहना है कि डुबान प्रभावित होने के कारण वह लंबे समय से वहां निवास कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों की शिकायत के चलते मामला प्रशासन के संज्ञान में आया है।
खूबलाल ध्रुव ने स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा जो भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, उसे स्वीकार किया जाएगा।
पेड़ों की कटाई और निर्माण अनुमति पर उठे सवाल
मामले के सामने आने के बाद कई अहम सवाल खड़े हो गए हैं। यदि भूमि शासकीय है तो उस पर निर्माण कार्य किस आधार पर किया जा रहा था। साथ ही, निर्माण की तैयारी के लिए पेड़ों की कटाई की गई तो क्या इसके लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं, यह भी जांच का विषय बना हुआ है।
फिलहाल प्रशासन ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



