उत्तर प्रदेशराज्य

मिठाई बनी काल: बिजनौर में फूड पॉइजनिंग से 2 साल के मासूम की मौत, एक ही परिवार के 6 लोग बीमार, शादी से लाई गई मिठाई खाने के बाद मचा हड़कंप

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक शादी समारोह से लाई गई मिठाई खाने के बाद फूड पॉइजनिंग की चपेट में आकर 2 साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के 6 अन्य सदस्य बीमार पड़ गए। घटना से गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बिजनौर: मामला नांगल सोती थाना क्षेत्र के जीतपुर खास गांव का है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुधा देवी (63) करीब 5 दिन पहले एक शादी समारोह से मिठाई लेकर आई थीं। मंगलवार रात परिवार के सदस्यों ने वही मिठाई खाई, जिसके कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

मिठाई खाने के बाद बच्चों समेत कई लोगों की बिगड़ी हालत

पुलिस के अनुसार मिठाई खाने के कुछ ही समय बाद संदीप, उनकी पत्नी नीतू, देव कुमार (2), कार्तिक (6), रितिक (4), पल्लवी और वंश (10) को तेज पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। सभी को तत्काल गांव में ही निजी चिकित्सक के पास इलाज के लिए ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।

इलाज के दौरान मासूम की मौत, बाकी की हालत स्थिर

अधिकारियों के मुताबिक बुधवार को इलाज के दौरान 2 वर्षीय देव कुमार की मौत हो गई। बाकी 6 लोगों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग जांच में जुटे

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अंकित चौधरी ने बताया कि सभी मरीजों का इलाज गांव में ही किया गया। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button