
पटना: बिहार के बेगूसराय जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों और एक चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय सरकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने जिले लौट रहे थे। हादसा इतना भयावह था कि सरकारी वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान मधेपुरा के बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर, रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान और सरकारी वाहन चालक नीरज कुमार के रूप में हुई है। इनमें से तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि साजन पासवान ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
साहेबपुर कमाल के पास हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा के पास एनएच-31 पर हुई। पटना से प्रशिक्षण पूरा कर लौट रहे पुलिस अधिकारियों की कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई थानों की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होने की आशंका
बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह वाहन की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना प्रतीत हो रही है। हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस महकमे में शोक, परिवारों में मातम
एक साथ तीन थाना प्रभारियों और चालक की मौत से बिहार पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। मधेपुरा और बेगूसराय सहित कई जिलों में इस हादसे को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।



