उत्तर प्रदेशराज्य

प्रेम संबंध से नाराज भाई बना बहन का कातिल! गला घोंटकर की हत्या, शव कुएं में फेंक खुद पहुंचा थाने

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रेम संबंधों को लेकर नाराज एक भाई पर अपनी बहन की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पहले उसने बहन को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी तो कथित तौर पर गला दबाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद शव को कुएं में फेंक दिया और अगले दिन खुद पुलिस चौकी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रेम संबंध को लेकर परिवार में चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार मामला थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा कस्बे का है। पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि उसकी बहन एक अन्य समुदाय के युवक के साथ रहने की जिद कर रही थी, जबकि परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। आरोपी का दावा है कि उसने कई बार बहन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही।

शादी के बाद फिर बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक युवती की शादी एक मई को राधानगर थाना क्षेत्र के सोनहीं बड़नपुर निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद वह मायके आई थी। इसी दौरान उसके पुराने प्रेम संबंध को लेकर परिवार में तनाव बढ़ गया। परिजनों का आरोप है कि युवती गांव के एक युवक के संपर्क में थी और विवाह के बाद भी उससे बातचीत कर रही थी।

अहमदाबाद से आया भाई, रास्ते में हुई वारदात

बताया जा रहा है कि बहन के संबंधों की जानकारी मिलने पर अहमदाबाद में मजदूरी कर रहा भाई संदीप 10 जून को उसकी ससुराल पहुंचा। उसने बहन को घर वापस ले जाने की बात कही। इसी दौरान रास्ते में दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में आकर उसने बहन का गला दबा दिया और बाद में शव को एक कुएं में फेंक दिया।

सुबह थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण

घटना के बाद आरोपी पूरी रात बाहर रहा। शनिवार सुबह करीब आठ बजे वह खुद पुलिस चौकी पहुंचा और बहन की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की बात सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। सूचना के बाद दमकल कर्मियों की मदद से कुएं से शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रेमी ने पहले ही जताई थी अनहोनी की आशंका

परिवार का दावा है कि युवती के प्रेमी ने कुछ दिन पहले पुलिस चौकी में उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और जान का खतरा होने की बात कही थी। हालांकि स्थानीय पुलिस का कहना है कि उनके पास इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

पांच महीने में दूसरी बड़ी वारदात से दहला इलाका

स्थानीय लोगों के मुताबिक हसवा क्षेत्र में पांच महीने के भीतर रिश्तों से जुड़ा यह दूसरा बड़ा हत्याकांड है। इससे पहले जनवरी महीने में कथित प्रेम संबंधों को लेकर दोहरे हत्याकांड की घटना सामने आई थी। ताजा वारदात के बाद इलाके में एक बार फिर दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंधों और पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button