अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला! ग्रामीणों के पथराव से 6 वनकर्मी घायल, सरकारी गाड़ियों और जेसीबी में तोड़फोड़

देवास: मध्य प्रदेश के देवास जिले में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिनवानी वन परिक्षेत्र में कार्रवाई के दौरान हुए पथराव में एक वनपाल और पांच वनरक्षक समेत छह वनकर्मी घायल हो गए। हमले में सरकारी वाहनों और जेसीबी मशीन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान भड़का विरोध
जानकारी के अनुसार जिनवानी वन परिक्षेत्र के कमलापुर बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक 94 में शनिवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसके लिए वन विभाग के विभिन्न परिक्षेत्रों का अमला और कमलापुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही भीलआमला गांव के कुछ महिला और पुरुषों ने विरोध जताना शुरू कर दिया।
देखते ही देखते शुरू हो गया पथराव
विरोध के बीच स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों ने संयुक्त टीम पर पथराव कर दिया। हमले में मौके पर मौजूद वन विभाग के कई कर्मचारी घायल हो गए। पथराव के कारण कार्रवाई कुछ समय के लिए प्रभावित रही और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सरकारी वाहनों और जेसीबी को पहुंचा नुकसान
ग्रामीणों के पथराव में मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन और शासकीय वाहनों के कांच टूट गए। कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के अनुसार हमले के कारण सरकारी संपत्ति को भी काफी क्षति हुई है।
घायलों को अस्पताल भेजा गया
घटना में वनरक्षक मोहन पंचोनिया, ज्योति जाट, कमल राणा, देवकरण मालवीय और सूरज धांधे घायल हुए हैं। इनके अलावा वनपाल एवं परिक्षेत्र सहायक केके परमार भी चोटिल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए कमलापुर स्वास्थ्य केंद्र और चापड़ा स्थित आरआर अस्पताल भेजा गया है।
हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत पड़ताल जारी है।



