
कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली, जबकि 29 अन्य घायल हो गए। कुठला थाना क्षेत्र में इंडस्ट्रियल एरिया ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी और इसके बाद सामने से आ रही यात्रियों से भरी बस से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार कई यात्री अंदर फंस गए।
ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुआ ट्रक
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय बस करीब 35 यात्रियों को लेकर कटनी से विजय राघवगढ़ की ओर जा रही थी। वहीं दूसरी दिशा से आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रारंभिक जांच में ट्रक के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह भीषण दुर्घटना हो गई।
टक्कर के बाद पलटी बस, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद बस सड़क किनारे पलट गई। कई यात्री बस के भीतर फंस गए, जबकि कुछ उसके नीचे दब गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की सहायता से बस को उठाया और फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 35 मिनट तक चला, जिसके बाद सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
3 लोगों की मौत, 29 घायल अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने बताया कि हादसे में किशन कोल (30), नीलम प्रजापति और राजू चौधरी की मौत हो गई। वहीं 29 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों में एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में ट्रक चालक भी घायल हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया हादसे का मंजर
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों के बीच भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे। वहीं ट्रक चालक भी वाहन के केबिन में फंस गया था, जिसे काफी प्रयासों के बाद बाहर निकाला गया।
मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही गंभीर रूप से घायल युवती को 1 लाख रुपये की सहायता राशि देने का भी ऐलान किया गया खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।



