
बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत! अब QR कोड स्कैन करते ही घर बैठे बदल सकेंगे मोबाइल नंबर, दफ्तर जाने की जरूरत खत्म
कानपुर: उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। अब बिजली कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर को अपडेट या बदलवाने के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने क्यूआर कोड आधारित नई ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी है, जिसके जरिए उपभोक्ता घर बैठे अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर में संशोधन कर सकेंगे।
स्मार्ट मीटर व्यवस्था लागू होने के बाद बिजली बिल, ओटीपी, भुगतान संबंधी जानकारी और अन्य जरूरी सूचनाएं केवल पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाती हैं। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं के पुराने नंबर बंद हो गए थे या लंबे समय तक रिचार्ज न होने के कारण निष्क्रिय हो चुके थे, उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई मामलों में पुराने नंबर दूसरे लोगों को आवंटित हो जाने से बिजली संबंधी सूचनाएं गलत व्यक्तियों तक पहुंच रही थीं।
QR कोड स्कैन करते ही खुलेगा अपडेट पेज
उपभोक्ताओं की इस समस्या को देखते हुए यूपीपीसीएल ने क्यूआर कोड आधारित डिजिटल सुविधा शुरू की है। क्यूआर कोड स्कैन करते ही उपभोक्ता सीधे यूपीपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट के उस पेज पर पहुंच जाएंगे, जहां मोबाइल नंबर और ई-मेल अपडेट करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा उपभोक्ता वेबसाइट पर जाकर ‘मोबाइल नंबर एवं ई-मेल सुधार’ लिंक के माध्यम से भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
ऐसे घर बैठे बदल सकेंगे मोबाइल नंबर
मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए सबसे पहले उपभोक्ता को क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। इसके बाद अपने जिले का चयन करना होगा। कानपुर के उपभोक्ताओं को ‘कानपुर नगर’ चुनने के बाद संबंधित डिस्कॉम यानी केस्को या दक्षिणांचल का विकल्प चुनना होगा। फिर कनेक्शन का अकाउंट नंबर दर्ज कर आगे बढ़ना होगा।
इसके बाद स्क्रीन पर पंजीकृत मोबाइल नंबर के अंतिम चार अंक दिखाई देंगे। यदि पुराना नंबर उपभोक्ता के पास सक्रिय है तो ‘यस’ विकल्प चुनने पर उस नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी सत्यापन के बाद नया मोबाइल नंबर दर्ज कर अपडेट किया जा सकेगा।
पुराना नंबर बंद है तो भी मिलेगी सुविधा
यदि पुराना मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं है या किसी अन्य व्यक्ति को आवंटित हो चुका है तो उपभोक्ता ‘नो’ विकल्प का चयन कर सकते हैं। इसके बाद आधार नंबर दर्ज करना होगा। आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होगा। सत्यापन पूरा होने के बाद नया मोबाइल नंबर दर्ज किया जा सकेगा। नए नंबर पर आए ओटीपी के सफल सत्यापन के साथ मोबाइल नंबर अपडेट हो जाएगा।
नए बिजली बिल में भी मिलेगा QR कोड
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस महीने जारी किए जा रहे नए बिजली बिल फॉर्मेट की पीडीएफ के निचले हिस्से में भी क्यूआर कोड दिया गया है। इससे उपभोक्ता सीधे स्कैन कर मोबाइल नंबर और ई-मेल संबंधी जानकारी अपडेट कर सकेंगे।
अधिकारियों ने क्या कहा?
केस्को के अधिशासी अभियंता एवं मीडिया प्रभारी देवेंद्र वर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यूपीपीसीएल ने यह नई व्यवस्था लागू की है। इसका उद्देश्य मोबाइल नंबर अपडेट की प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाना है, ताकि लोगों को बिजली कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।



