
NEET परीक्षा में नकल की सनसनीखेज कोशिश! चड्ढी में मोबाइल, सिम और प्रश्नपत्र छिपाकर सेंटर पहुंचा छात्र, एंट्री से पहले धराया
वाराणसी: री-NEET-UG परीक्षा के दौरान वाराणसी से नकल की कोशिश का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बावजूद एक अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित सामग्री लेकर प्रवेश करने की कोशिश करता पकड़ा गया। सुरक्षाकर्मियों ने फ्रिस्किंग के दौरान उसे दबोच लिया और उसके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पुराना प्रश्नपत्र तथा अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई।
श्री हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज केंद्र पर हुई कार्रवाई
घटना मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र की है, जहां रविवार को री-NEET-UG परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा शुरू होने से पहले मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच और सघन तलाशी की जा रही थी। इसी दौरान एक छात्र की गतिविधियां सुरक्षाकर्मियों को संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसकी विस्तृत जांच की गई।
अंडरगारमेंट्स में छिपा रखा था प्रतिबंधित सामान
तलाशी के दौरान छात्र के अंडरगारमेंट्स से एक चालू मोबाइल फोन, अतिरिक्त सिम कार्ड, पहले आयोजित NEET परीक्षा का प्रश्नपत्र, गोंद के छोटे पैकेट और फेविकोल की एक छोटी डिब्बी बरामद हुई। बरामदगी के बाद परीक्षा केंद्र पर कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया।
पुलिस ने तुरंत हिरासत में लिया
मौके पर मौजूद कोतवाली थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थी को हिरासत में ले लिया और बरामद सामान जब्त कर लिया। शुरुआती पूछताछ में छात्र ने अपनी पहचान प्रिंस दुबे के रूप में बताई। वह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी है।
जबलपुर में कर रहा था NEET की तैयारी
पुलिस पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। री-NEET-UG परीक्षा में शामिल होने के लिए वह वाराणसी आया था।
सॉल्वर गैंग और नकल नेटवर्क से कनेक्शन की जांच
पुलिस अब मामले की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों की कोशिश यह पता लगाने की है कि छात्र किसी संगठित नकल गिरोह या सॉल्वर गैंग से जुड़ा हुआ था या नहीं। इसके लिए उसके पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के जरिए संभावित नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पेपर लीक विवाद के बाद सुरक्षा पर था विशेष फोकस
गौरतलब है कि देशभर में पेपर लीक विवाद के बाद री-NEET-UG परीक्षा को लेकर प्रशासन और परीक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए थे। इसके बावजूद नकल की इस कोशिश ने सुरक्षा एजेंसियों को और सतर्क कर दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



