मध्य प्रदेशराज्य

सिंगरौली में बाल विवाह की चौंकाने वाली साजिश, बड़ी बहन के भागने पर 13 साल की छोटी बहन को दुल्हन बनाने की तैयारी

सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से बाल विवाह का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जिस युवक से परिवार की बड़ी बेटी की शादी तय हुई थी, उसी युवक से उसकी 13 वर्षीय नाबालिग छोटी बहन की शादी कराने की तैयारी की जा रही थी। समय रहते मिली सूचना के बाद पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने हस्तक्षेप कर बाल विवाह को रुकवा दिया।

जानकारी के अनुसार बड़ी बहन की शादी जिस युवक से तय हुई थी, वह विवाह से करीब एक सप्ताह पहले किसी अन्य व्यक्ति के साथ घर छोड़कर चली गई। इसके बाद परिवार ने शादी टूटने से होने वाली सामाजिक बदनामी और आर्थिक नुकसान से बचने के लिए नाबालिग छोटी बेटी की उसी युवक से शादी कराने का फैसला कर लिया।

बारात आने से कुछ घंटे पहले हुई कार्रवाई

बताया जा रहा है कि शादी की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं और बारात आने में केवल कुछ घंटे शेष थे। इसी दौरान पुलिस को एक गुमनाम पत्र मिला, जिसमें नाबालिग लड़की की शादी कराए जाने की जानकारी दी गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और संबंधित विभागों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इसके बाद नाबालिग लड़की को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया गया और प्रस्तावित विवाह को रुकवा दिया गया।

गुमनाम पत्र ने खोली पूरे मामले की पोल

मामले का खुलासा एक गुमनाम पत्र के जरिए हुआ। पुलिस अधीक्षक शियाज को भेजे गए पत्र में दावा किया गया था कि 19 जून को एक नाबालिग लड़की का विवाह कराया जा रहा है। पत्र में दी गई सूचना के आधार पर तत्काल जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि लड़की की उम्र महज 13 वर्ष है और वह कक्षा 9वीं की छात्रा है। इसके बावजूद परिवार द्वारा उसकी शादी कराने की तैयारी की जा रही थी।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने बच्ची को लिया संरक्षण में

पुलिस कार्रवाई के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने नाबालिग बच्ची को अपनी सुरक्षा में ले लिया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बाल विवाह से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बच्ची के अधिकारों और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button