अपराधउत्तर प्रदेशसहारनपुर

यूपी एसटीएफ ने बिहार के इनामी बदमाश ललन सिंह को किया ढेर

सहारनपुर के सरसावा-नकुड़ रोड पर एसटीएफ और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में मिली कामयाबी

Saharanpur News: जिले में यूपी एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बिहार निवासी सवा लाख रुपये के इनामी बदमाश ललन सिंह को ढेर कर दिया गया। मुठभेड़ जिले के सरसावा-नकुड़ रोड पर देर रात हुई। सहारनपुर के एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में संयुक्त अभियान के दौरान संदिग्ध बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 1.25 लाख रुपये का इनामी बदमाश ललन सिंह उर्फ लल्लन को ढेर कर दिया। मारे गए बदमाश ललन सिंह का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल ललन सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा लाया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दरोगा की हत्या कर लूटी थी पिस्टल
पुलिस के अनुसार मृतक बदमाश ललन सिंह का नाम 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक दरोगा की हत्या और उसकी सर्विस पिस्टल लूटने की घटना में सामने आया था। इसके अलावा 1 नवंबर 2022 को चंदौली में डकैती और गोलीबारी की वारदात में भी फरार था। उस पर वाराणसी पुलिस ने एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
सात हत्याओं समेत कई संगीन मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक ललन सिंह अपने गिरोह के साथ कई अपराधों में शामिल है। उसके खिलाफ सात लोगों की हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट और हथियारों की लूट जैसे गंभीर मामले दर्ज थे। पुलिस के मुताबिक उसके अपराधों में दो दारोगा, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड की हत्या के मामले शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button