5 साल बाद हॉरर दुनिया में इमरान हाशमी की वापसी! ‘रूह’ से बड़े पर्दे पर डर और रोमांच का डबल डोज

मुंबई: अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी करने जा रहे हैं। अपनी आगामी फिल्म ‘आवारापन 2’ की शूटिंग के बीच अभिनेता ने एक और बड़े प्रोजेक्ट का ऐलान कर दिया है। इमरान हाशमी की नई हॉरर फिल्म ‘रूह’ की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है, जिसने उनके प्रशंसकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।
इमरान हाशमी लंबे समय बाद फिर से भूत-प्रेत और रहस्य से भरी दुनिया में कदम रखने वाले हैं। उनकी पिछली हॉरर फिल्म ‘डिब्बुक’ थी, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। अब करीब पांच साल बाद वह बड़े पर्दे पर डर और सस्पेंस से भरपूर कहानी लेकर लौट रहे हैं।
म्यूजिकल हॉरर फिल्म होगी ‘रूह’
फिल्म ‘रूह’ को एक हाई-कॉन्सेप्ट म्यूजिकल हॉरर फिल्म बताया जा रहा है। इसमें इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी मयंक शर्मा और विशाल कपूर ने मिलकर लिखी है। दोनों लेखक इससे पहले चर्चित हॉरर फिल्मों ‘लापाछपी’ और ‘छोरी’ से जुड़े रहे हैं।
फिल्म का निर्माण विकेड फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। इसके निर्माता विक्रम खाखर और सनी खन्ना हैं।
2027 में तीन भाषाओं में होगी रिलीज
निर्माताओं के अनुसार ‘रूह’ को वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी दर्शकों के सामने आएगी। मल्टी-लैंग्वेज रिलीज के चलते फिल्म को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
फिल्म को लेकर क्या बोले इमरान हाशमी?
फिल्म की घोषणा के साथ इमरान हाशमी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ‘रूह’ की कहानी ने उन्हें शुरुआत से ही आकर्षित किया, क्योंकि यह आधुनिक हॉरर, भावनाओं और संगीत का अनूठा मिश्रण है।
अभिनेता के मुताबिक, यह ऐसा जॉनर है जिससे दर्शक उन्हें लंबे समय से जोड़ते आए हैं और फिल्म की दुनिया बेहद प्रभावशाली, भावनात्मक तथा सिनेमाई अनुभव देने वाली है।
हॉरर फिल्मों में रहा है इमरान का मजबूत रिकॉर्ड
इमरान हाशमी को हिंदी सिनेमा के सफल हॉरर अभिनेताओं में गिना जाता है। उन्होंने ‘राज’, ‘राज 3’, ‘एक थी डायन’ और ‘राज: रीबूट’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी है। यही वजह है कि ‘रूह’ की घोषणा के बाद उनके प्रशंसकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
एक ओर जहां दर्शक ‘आवारापन 2’ का इंतजार कर रहे हैं, वहीं ‘रूह’ के ऐलान ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले वर्षों में इमरान हाशमी बड़े पर्दे पर एक बार फिर हॉरर जॉनर में धमाकेदार वापसी करने वाले हैं।



