छत्तीसगढ़राज्य

बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए 11 नाबालिग! अंबिकापुर बाल सुधार गृह की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित बाल सुधार गृह से मंगलवार देर शाम 11 नाबालिगों के फरार होने की घटना ने प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। तेज बारिश और बिजली गुल होने के दौरान बाल अपचारियों ने सुधार गृह की खिड़की तोड़कर पीछे की दीवार फांद ली और परिसर से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम अचानक मौसम खराब होने के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे पूरे परिसर में अंधेरा छा गया। मौके का फायदा उठाकर नाबालिगों ने पहले एक खिड़की तोड़ी और फिर पीछे की दीवार पार कर फरार हो गए।

पीछे के रास्ते से भागे, सुरक्षाकर्मियों को नहीं लगी भनक

बताया जा रहा है कि बाल सुधार गृह के मुख्य प्रवेश द्वार पर दो सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन नाबालिगों ने पीछे के हिस्से से भागने की योजना बनाई। अंधेरे और बारिश के कारण उनकी गतिविधियों की किसी को भनक नहीं लगी और सभी 11 नाबालिग परिसर से निकलने में सफल हो गए।

घटना सामने आते ही प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया गया।

नाकेबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश

11 नाबालिगों के एक साथ फरार होने की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने संभावित मार्गों पर नाकेबंदी कर दी है और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार हुए सभी बालकों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द उन्हें पकड़ने की उम्मीद है।

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर खड़े हुए सवाल

यह पहली घटना नहीं है जब अंबिकापुर के बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आई हो। इससे पहले भी यहां से अपचारी बालकों के फरार होने के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा खामियों को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में और गंभीर घटनाएं सामने आ सकती हैं। उन्होंने सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

प्रबंधन ने बताया कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम

बाल सुधार गृह प्रबंधन से जुड़े मनीष ने बताया कि शाम के समय तेज बारिश के बीच बिजली चली गई थी। अंधेरे का फायदा उठाकर 11 बच्चे परिसर से फरार हो गए। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी तत्काल थाना प्रभारी को दे दी गई थी और पुलिस के साथ मिलकर सभी नाबालिगों की तलाश की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार हुए सभी 11 नाबालिगों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए सघन अभियान जारी है।

Related Articles

Back to top button