
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का भ्रमण किया। आश्रम पहुंचने पर संस्था के पदाधिकारियों और आश्रमवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आश्रम में संचालित सेवा, स्वास्थ्य और पुनर्वास कार्यों का अवलोकन करते हुए संस्था की गतिविधियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने आश्रम प्रमुख सुधीर देव से विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों, चिकित्सा सुविधाओं और पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह आश्रम केवल एक सेवा संस्थान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और समर्पण का जीवंत उदाहरण है। यहां वर्षों से जरूरतमंद और उपेक्षित लोगों की गरिमापूर्ण सेवा की जा रही है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
सिद्धि विनायक मंदिर में की पूजा, प्रदेशवासियों के लिए मांगी खुशहाली
आश्रम परिसर स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सेवा भाव को नमन किया।
नई एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम के लिए उपलब्ध कराई गई नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस आश्रमवासियों और जरूरतमंद मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत करेगी।
आश्रमवासियों से मिले, स्वास्थ्य और पुनर्वास गतिविधियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर विभिन्न सेवा, स्वास्थ्य और पुनर्वास कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रमवासियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपहार भी भेंट किए। इस दौरान गौशाला पहुंचकर गौमाता की पूजा-अर्चना की तथा हरा चारा खिलाकर गौसेवा का संदेश दिया।
संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री साय ने आश्रम परिसर में संचालित संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का भी दौरा किया। उन्होंने ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, बिलिंग कक्ष, एक्स-रे यूनिट, आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं की जानकारी लेकर गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कैंसर स्क्रीनिंग वाहन की पहल को बताया सराहनीय
मुख्यमंत्री ने धनवंतरी जनकल्याण समिति द्वारा संचालित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग वाहन का भी अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कैंसर जांच सेवाएं पहुंचाने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर जांच और उपचार गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। ऐसी पहलें जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश देवी जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराज देवांगन, आश्रम के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



