
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का आज होगा उद्घाटन, 8 मार्गों पर बदला ट्रैफिक; इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
लखनऊ: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक आठ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा, जबकि निजी वाहनों के आवागमन पर रोक नहीं रहेगी। आपात स्थिति में स्कूली वाहन, एंबुलेंस, फायर वाहन और शव वाहन प्रतिबंधित मार्गों से गुजर सकेंगे।
इन रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित
जुनाबगंज तिराहा से दरोगाखेड़ा की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। वहीं बंथरा बाजार से दरोगाखेड़ा की तरफ भी बड़े वाहनों के जाने पर रोक रहेगी। दरोगाखेड़ा से स्कूटर इंडिया और स्कूटर इंडिया से गौरी बाजार की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा गौरी बाजार से कार्यक्रम स्थल की तरफ भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। नादरगंज से सैनिक स्कूल तिराहा की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे।
इन वैकल्पिक मार्गों से जा सकेंगे वाहन
जुनाबगंज से वाहन सिसेंडी तिराहा होकर आगे जा सकेंगे। बंथरा थाने के सामने तिराहा से दाहिनी ओर बिजनौर चौराहा होते हुए वाहन निकाले जाएंगे। स्कूटर इंडिया की तरफ से आने वाले वाहन किसान पथ का इस्तेमाल कर सकेंगे।
गौरी बाजार से आने वाले वाहन बिजनौर थाना होते हुए जा सकेंगे। कार्यक्रम स्थल से पहले यू-टर्न लेकर नहर तिराहा की ओर जाने का विकल्प रहेगा। वहीं नादरगंज तिराहा से दाहिनी ओर अमौसी रेलवे स्टेशन होकर वाहन जा सकेंगे।
भारी वाहनों के लिए जारी हुआ डायवर्जन प्लान
सीतापुर और हरदोई रोड की ओर से आने वाले भारी और बड़े वाणिज्यिक वाहन किसान पथ रैंप से कानपुर रोड पर नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहनों को बिजनौर अंडरपास से दाहिनी ओर सिसेंडी मोड़, फिर जुनाबगंज तिराहा से बाएं होकर कानपुर की ओर भेजा जाएगा।
सुल्तानपुर, फैजाबाद और रायबरेली रोड की तरफ से आने वाले भारी वाहन भी जुनाबगंज तिराहा से बाएं होकर कानपुर की ओर जा सकेंगे।
राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी करेंगे एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहनों के चलने का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। सोमवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इसका लोकार्पण करेंगे। एक्सप्रेस-वे को मंगलवार सुबह 8 बजे से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से तैयार इस एक्सप्रेस-वे पर छोटे चार पहिया वाहनों की अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों की गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है।
हाईवे के मुकाबले एक्सप्रेस-वे पर महंगा होगा सफर
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह 8 बजे से वाहनों की आवाजाही शुरू होने के साथ टोल टैक्स भी लागू हो जाएगा। हाईवे की तुलना में एक्सप्रेस-वे पर सफर महंगा रहेगा।
कार, जीप और एसयूवी के लिए हाईवे पर एक तरफ का किराया 95 रुपये है, जबकि एक्सप्रेस-वे पर इसके लिए 275 रुपये टोल देना होगा। एक्सप्रेस-वे पर सफर लखनऊ के दरोगाखेड़ा से शुरू होकर कानपुर के आजाद चौक तक किया जा सकेगा।



