प्रेमी के साथ मिलकर पति को जहरीले सांप वे कटवाकर की हत्या, पत्नी सहित चार गिरफ्तार
जहरीला सांप पकड़वाकर उसके कम्बल में छोडकर अतुल को सांप से कटवाया।
Meerut News: मेरठ स्वाट टीम देहात व थाना हस्तिनापुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पत्नी द्वारा पति को सांप से कटवाकर हत्या करने की घटना का खुलासा पुलिस ने किया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित चार आरोपी गिरफ्तार किए हैं।
अतुल पंवार पुत्र अजब सिंह निवासी ग्राम भंडोरा थाना बहसूमा जनपद मेरठ व उसकी पत्नी दामिनी थाना हस्तिनापुर क्षेत्रान्तर्गत रामलीला मैदान के पास कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे। दामिनी व अतुल पंवार ने सात साल पहले प्रेम विवाह किया था।
पुलिस को दी थी पति को सांप काटने सूचना
दिनांक 17 जुलाई को सुबह दामिनी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति अतुल पंवार को सांप ने काट लिया। सूचना पर अतुल को सीएचसी हस्तिनापुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौके पर अतुल के बिस्तर में सांप भी पाया गया। परिजन शव को उसके मूल निवास ग्राम भंडोरा ले गये तथा मृत्यु संदिग्ध प्रतीत होने पर थाना हस्तिनापुर को सूचना दी गयी। सूचना पर थाना हस्तिनापुर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्वाट टीम और थाना पुलिस ने की पड़ताल
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए स्वाट टीम देहात व थाना हस्तिनापुर पुलिस द्वारा तत्परता से जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान मृतक की पत्नी दामिनी के मोबाइल से उसी के स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के साथ लगातार सम्पर्क होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने तुषार से गहन पूछताछ की गयी तो घटना का खुलासा हुआ। जिसमें पता चला कि दामिनी व तुषार एक-दूसरे से लंबे समय से सम्पर्क में हैं तथा एक दूसरे से प्रेम करते हैं। उनके द्वारा सोची-समझी योजना के तहत रात में अतुल के दूध में नींद की गोलियों की ओवरडोज दी गयी। इसी के साथ युवक सोनू व उदय के सहयोग से जहरीला सांप पकड़वाकर उसके कम्बल में छोडकर अतुल को सांप से कटवाया। जिससे उसकी मृत्यु हो गयी।
मृतक अतुल पंवार विद्या प्रकाशन में ड्राईवर था
पूछताछ में पता चला कि मृतक अतुल पंवार विद्या प्रकाशन में ड्राईवर था जिसके नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था। जिसकी धनराशि में से उक्त योजना में सहयोगी सोनू व उदय को बीमा धनराशि में से पांच लाख रुपये देना तय किया गया था। यह भी प्रकाश में आया कि करीब 20 दिन पूर्व अभियुक्त तुषार द्वारा अतुल को अर्टिगा गाडी से टक्कर मारकर एक्सीडेंट किया गया था। जिसमे अतुल द्वारा हेलमेट पहने होने के कारण वह बच गया था। जिसकी जानकारी दामिनी को देने पर दामिनी द्वारा यह कहकर टाल दिया गया था कि जब गाडी के नंबर की कोई पहचान नहीं है तो मुकदमा दर्ज कराकर क्या करोगे। स्वाट टीम देहात व थाना हस्तिनापुर पुलिस द्वारा घटना का सफल अनावरण करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दामिनी पत्नी अतुल पंवार निवासी ग्राम भंडोरा थाना बहसूमा, तुषार पुत्र भंवर सिंह निवासी रामलीला ग्राउंड थाना हस्तिनापुर, सोनू पुत्र सुरेन्द्र कुमार निवासी सिविल लाइन थाना हस्तिनापुर और उदय कुमार पुत्र सुनील कुमार निवासी बाल्मीकि चौक थाना हस्तिनापुर है।



