बिहारराज्य

बायोमेट्रिक ‘इन-आउट’ हाजिरी अब अनिवार्य, बिना उपस्थिति नहीं मिलेगा वेतन; डीएम ने जारी किए सख्त निर्देश

शिवहर: बिहार के शिवहर जिले में सरकारी कार्यालयों में समयपालन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अब सरकारी कर्मियों का वेतन केवल बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही जारी किया जाएगा। आदेश के अनुसार, कर्मचारियों को कार्यालय आने और जाने दोनों समय अपनी बायोमेट्रिक हाजिरी दर्ज करानी होगी।

मंगलवार को आयोजित इस बैठक में जिले के सभी कार्यालय प्रधान शामिल हुए। बैठक के दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही होगा वेतन भुगतान

जिलाधिकारी ने कहा कि अब किसी भी कर्मचारी की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक सरकारी कर्मी का मासिक वेतन उसकी बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही जारी किया जाए। इसके लिए कार्यालय में प्रवेश करते समय ‘इन’ और कार्य समाप्त होने के बाद बाहर निकलते समय ‘आउट’ दोनों हाजिरी दर्ज करना अनिवार्य होगा।

तुरंत कराएं बायोमेट्रिक पंजीकरण

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिन कर्मचारियों ने अभी तक अपना बायोमेट्रिक पंजीकरण नहीं कराया है, वे तत्काल प्रभाव से यह प्रक्रिया पूरी करें। इसके अलावा सभी सरकारी कार्यालयों को प्रत्येक शनिवार को अपना बायोमेट्रिक डेटा अनिवार्य रूप से सिंक करने के निर्देश दिए गए हैं।

फील्ड में जाने से पहले कार्यालय में लगानी होगी हाजिरी

जिला प्रशासन ने प्रखंड और अंचल स्तर पर कार्यरत क्षेत्रीय कर्मियों के लिए भी नई व्यवस्था लागू की है। अब कोई भी कर्मचारी सीधे क्षेत्र या पंचायत में नहीं जा सकेगा। किसी भी सरकारी कार्य के लिए फील्ड में जाने से पहले संबंधित कर्मी को अपने मूल कार्यालय में पहुंचकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी।

आदेश की अवहेलना पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने स्पष्ट कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेशों की अनदेखी करने वाले कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button