पंजाबराज्य

Voter List Update: 1.37 लाख मतदाताओं को बड़ी राहत, चंडीगढ़ प्रशासन का फैसला; बिना सत्यापन नहीं कटेगा किसी का नाम

चंडीगढ़: मतदाता सूची में नाम कटने की आशंका से जूझ रहे मतदाताओं के लिए राहत भरी खबर है। चंडीगढ़ प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सत्यापन के मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 1.37 लाख से अधिक मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे, ताकि वे निर्धारित समय के भीतर अपनी जानकारी और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सकें।

1.37 लाख मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में बताया गया कि 21 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में चंडीगढ़ के कुल 4,50,282 मतदाता शामिल हैं। 21 जुलाई से 18 सितंबर के बीच कुल 1,37,814 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे।

इनमें 69,461 नोटिस उन मतदाताओं को भेजे जाएंगे जिन्होंने पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान आवश्यक लिंक संबंधी जानकारी जमा नहीं कराई थी। वहीं 68,353 मतदाताओं को नाम की वर्तनी, अभिभावक अथवा पारिवारिक विवरण में त्रुटियों जैसी विसंगतियों को ठीक कराने के लिए नोटिस दिए जाएंगे।

बिना सुनवाई नहीं हटेगा किसी का नाम

प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी मतदाता का नाम सूची से हटाने से पहले उसे अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया जाए। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

समयबद्ध निस्तारण पर रहेगा जोर

समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सुनवाई की तिथियां तय करते समय मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही दावों और आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी पात्र मतदाता का अधिकार प्रभावित न हो।

22 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

प्रशासन के अनुसार सत्यापन और सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पात्र मतदाताओं के नाम 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित रह सके।

Related Articles

Back to top button