उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में बारिश का कहर! फ्लैश फ्लड का ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद, प्रशासन हाई अलर्ट पर

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में आधी रात से लगातार वर्षा जारी है। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए फ्लैश फ्लड का खतरा भी जताया है। मौसम संबंधी चेतावनी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और अत्यधिक तीव्र वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।

फ्लैश फ्लड का भी खतरा

राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड की आशंका जताई है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी

भारी बारिश और खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए देहरादून, पौड़ी और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।

सोमवार को भी हुई थी तेज बारिश

सोमवार को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। डंगोली में 65 मिमी, बेरीनाग में 41.5 मिमी, घाट में 41 मिमी, सोंग में 40 मिमी, बस्तिया में 37 मिमी, हल्द्वानी में 35 मिमी, अल्मोड़ा में 33.5 मिमी, जखोली में 32 मिमी और टनकपुर में 28 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

हल्द्वानी में बारिश से मिली राहत

हल्द्वानी में दिनभर उमस के बाद दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई। इसके बावजूद अब तक किसी प्रमुख सड़क के बंद होने की सूचना नहीं है और यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

पंतनगर के मौसम विशेषज्ञ डॉ. ए.एस. नैन के अनुसार, क्षेत्र में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

Related Articles

Back to top button