
घर में बेटे ने फांसी लगाई, सदमे में मां ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, हरदोई में एक साथ उठीं दो अर्थियां
हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक ही परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि पूरे इलाके में मातम पसर गया। देहात कोतवाली क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटे को फंदे से लटका देख मां सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के पिहानी चुंगी के पास की है। पुलिस के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर राम प्रकाश गुप्ता के 16 वर्षीय बेटे हिमांशु ने मंगलवार शाम घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो घर में अफरा-तफरी मच गई।
बेटे की यह स्थिति देखकर उसकी 46 वर्षीय मां गीता गहरे सदमे में आ गईं। बताया गया कि उन्होंने मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में मां और बेटे को तत्काल हरदोई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही आत्महत्या के कारणों की जांच
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) अजीत सिंह चौहान ने बताया कि किशोर द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इलाके में शोक का माहौल
मां और बेटे की एक साथ हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।



