पटना में गोबर रखने के विवाद ने ली जान! पड़ोसियों में खूनी संघर्ष, बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, 7 घायल

पटना: बिहार की राजधानी पटना में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। धनरुआ थाना क्षेत्र के वीर गांव में सड़क पर मवेशियों का गोबर रखने को लेकर पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में 65 वर्षीय बुजुर्ग लालकेश्वर प्रसाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हुए हैं, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, लालकेश्वर प्रसाद और टुनटुन यादव के घर आसपास स्थित हैं। आरोप है कि टुनटुन यादव अपने मवेशियों का गोबर लालकेश्वर प्रसाद के मकान के पास रखता था, जिससे दीवार गंदी हो जाती थी और नाली में भी गोबर जमा हो जाता था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
शुक्रवार को इसी मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई।
लोहे की रॉड से हमले का आरोप, अस्पताल में हुई मौत
आरोप है कि झड़प के दौरान पड़ोसी ने लोहे की रॉड से लालकेश्वर प्रसाद के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लालकेश्वर प्रसाद को परिजन इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना में लालकेश्वर प्रसाद के पुत्र उमेश कुमार, टुनटुन प्रसाद, मनीष कुमार, अर्जुन कुमार समेत दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष के टुनटुन यादव की हालत गंभीर बताई गई है। सभी घायलों का इलाज जारी है।
पांच लोगों पर मामला दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार
धनरुआ थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र उमेश प्रसाद के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में कंटाहीचक निवासी अर्जुन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।



