मध्य प्रदेशराज्य

दतिया उपचुनाव में पहले राउंड में भाजपा आगे, आशुतोष तिवारी ने बनाई 909 वोटों की बढ़त

भोपाल/दतिया: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह शुरू हो गई। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने बढ़त बना ली है। पहले राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा उम्मीदवार 909 वोटों से आगे चल रहे हैं।

पहले राउंड में किसे मिले कितने वोट

पहले राउंड के परिणाम के अनुसार भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 4,441 वोट मिले हैं। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह को 3,532 मत प्राप्त हुए हैं। आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी को 2,117 वोट मिले। पहले राउंड की समाप्ति पर भाजपा ने 909 मतों की बढ़त हासिल कर ली है।

सबसे पहले हुई डाक मतपत्रों की गिनती

मतगणना की शुरुआत डाक मतपत्रों की गणना से हुई। कुल 451 डाक मतपत्रों की गिनती टेबल नंबर 21 पर की गई। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में दर्ज मतों की गिनती शुरू की गई, जिसके आधार पर शुरुआती रुझान सामने आए।

21 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कुल 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रमुख मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच माना जा रहा है। वहीं सरकारी नौकरी छोड़कर राजनीति में आईं किन्नर संजना भी इस चुनाव में उम्मीदवार हैं।

मतगणना के बीच कांग्रेस का बड़ा फैसला

मतगणना शुरू होने से पहले कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई, जब कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह लगातार उन पर चुनाव में भीतरघात और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप लगा रहे थे। हाल के दिनों में दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी सार्वजनिक रूप से सामने आए थे।

20 टेबलों पर 15 राउंड में पूरी होगी गिनती

दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुबह 8 बजे से शुरू हुई। डाक मतपत्रों की गणना के बाद सुबह 8:30 बजे से ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू की गई। मतगणना के लिए 20 टेबलें बनाई गई हैं और पूरी प्रक्रिया 15 राउंड में संपन्न होगी। इस कार्य में करीब 350 अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button