पिथौरागढ़: उत्तराखंड में निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान सामने आई विसंगतियों ने हजारों मतदाताओं की चिंता बढ़ा दी है। पिथौरागढ़ जिले में डेटा सत्यापन के दौरान 89 हजार से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या विवाहित महिलाओं की है, जबकि रिकॉर्ड में एक ऐसा मामला भी सामने आया है, जिसमें एक ही व्यक्ति को छह अलग-अलग मतदाताओं का पिता दर्ज कर दिया गया।
सरनेम बदलने से हजारों महिलाएं आईं जांच के दायरे में
जानकारी के अनुसार, नोटिस पाने वालों में सबसे बड़ी संख्या विवाहित महिलाओं की है। वर्ष 2003 की मतदाता सूची में महिलाओं के नाम उनके मायके के सरनेम के साथ दर्ज थे। शादी के बाद उन्होंने पति का सरनेम अपना लिया। एसआईआर अभियान के दौरान पुराने डिजिटल रिकॉर्ड का वर्तमान डेटा से मिलान किया गया तो सरनेम में अंतर मिलने पर सिस्टम ने इन मामलों को संदिग्ध श्रेणी में डाल दिया।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, नाम और जन्मतिथि में विसंगतियों के कारण करीब 70 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, नौ मैपिंग से जुड़ी गड़बड़ियों के चलते 19 हजार अन्य मतदाताओं को भी नोटिस भेजे गए हैं।
मताधिकार बचाने के लिए लगाने पड़ रहे कार्यालयों के चक्कर
डेटा मिलान में सामने आई त्रुटियों के कारण बड़ी संख्या में लोगों को अपने दस्तावेजों के साथ बीएलओ और तहसील कार्यालयों में पहुंचकर सत्यापन कराना पड़ रहा है। विशेष रूप से विवाहित महिलाओं को उपनाम बदलने के कारण अतिरिक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने पड़ रहे हैं।
नोटिस की अनदेखी पड़ सकती है भारी
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं को एसआईआर नोटिस मिला है, उन्हें तय समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष प्रस्तुत करना होगा। यदि समय पर सत्यापन नहीं कराया गया, तो संबंधित व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। ऐसे में वह भविष्य के किसी भी चुनाव में मतदान नहीं कर सकेगा और उसका वोटर पहचान पत्र निष्क्रिय हो जाएगा।
रिकॉर्ड में एक ही व्यक्ति बना छह मतदाताओं का पिता
एसआईआर अभियान के दौरान एक चौंकाने वाला मामला भी सामने आया है। डेटा जांच में पाया गया कि एक ही व्यक्ति को छह अलग-अलग मतदाताओं ने अपने पिता के रूप में दर्ज कराया है। इस विसंगति के बाद निर्वाचन विभाग ने संबंधित व्यक्ति और सभी छह मतदाताओं को स्पष्टीकरण के लिए नोटिस जारी किया है।
निर्धारित समय में जमा करने होंगे दस्तावेज
पिथौरागढ़ के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद शरीफ ने बताया कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें नोटिस में बताए गए आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय के भीतर जमा करने होंगे, ताकि सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जा सके।




