
योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 आईएएस अफसरों के तबादले, 4 मंडलों को मिले नए कमिश्नर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस बदलाव के तहत गोरखपुर, बस्ती, बरेली और प्रयागराज मंडलों में नए मंडलायुक्तों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
चार मंडलों में नए मंडलायुक्तों की तैनाती
सरकार के आदेश के अनुसार, कृषि विभाग में सचिव और राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक रहे इंद्र विक्रम सिंह को गोरखपुर का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।
इसी तरह, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार को बरेली का मंडलायुक्त बनाया गया है। लोक निर्माण विभाग में सचिव रहे डॉ. लोकेश एम को प्रयागराज मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अनिल ढींगड़ा को मिली नई जिम्मेदारी
अब तक गोरखपुर के मंडलायुक्त रहे अनिल ढींगड़ा को आवास विकास परिषद का आवास आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें निदेशक नगर भूमि सीमारोपण तथा सचिव, आवास विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।
बस्ती में खाली था मंडलायुक्त का पद
बस्ती मंडलायुक्त का पद 31 जुलाई को अखिलेश सिंह के सेवानिवृत्त होने के बाद से खाली था। अब सरकार ने वैभव श्रीवास्तव की नियुक्ति कर इस पद को भर दिया है। ताजा तबादलों के जरिए सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देने की कोशिश की है।



