
रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार 14वें दिन भी जारी रहा। राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे धरने में छह छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं। गुरुवार देर रात प्रशासन और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई, लेकिन प्रतिनिधिमंडल की संरचना को लेकर सहमति नहीं बनने से वार्ता किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
इधर, जेपीएससी भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक इस मामले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार दोपहर सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच एक बार फिर बातचीत होने की संभावना है।
25 जुलाई से जारी है आंदोलन
जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के बैनर तले 25 जुलाई से शुरू हुआ यह आंदोलन राज्य के हाल के वर्षों के बड़े छात्र आंदोलनों में शामिल हो गया है। प्रदर्शनकारी 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा रद्द करने, मामले की स्वतंत्र जांच सीबीआई या राज्य से बाहर के सेवानिवृत्त हाईकोर्ट न्यायाधीशों की समिति से कराने और जेपीएससी व जेएसएससी में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल पर अटकी बातचीत
गुरुवार रात करीब साढ़े दस बजे रांची के एसडीओ कुमार रजत और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार आंदोलन स्थल पहुंचे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकार केवल छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत करेगी, जबकि छात्र अपने पहले से तय 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पर अड़े रहे। इस प्रतिनिधिमंडल में एक पत्रकार और एक वकील को भी शामिल करने की मांग की गई थी।
काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद प्रतिनिधिमंडल के गठन पर सहमति नहीं बन सकी। छात्र नेता रविंद्र पासवान ने बताया कि प्रशासन की ओर से सकारात्मक रुख का भरोसा दिया गया, लेकिन अगली वार्ता का समय तय नहीं किया गया।
विधानसभा तक पहुंचा आंदोलन का असर
आंदोलन की गूंज झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र में भी सुनाई दी। पहले दिन विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर में नारेबाजी की और मास्क पहनकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने एक बार फिर पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग दोहराते हुए राज्य सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले ही कह चुके हैं कि पेपर लीक जैसी समस्या पूरे देश में सामने आ रही है और राज्य सरकार बातचीत के लिए तैयार है।
विधानसभा के आसपास लागू किया गया प्रतिबंधात्मक आदेश
छात्र संगठनों की ओर से 7 और 10 अगस्त को विधानसभा के पास प्रदर्शन की घोषणा के बाद प्रशासन ने विधानसभा भवन के 750 मीटर के दायरे में 6 अगस्त से 12 अगस्त तक धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिया है।
भूख हड़ताल पर बैठे नेता की बिगड़ी तबीयत
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्रनाथ महतो कई दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है। बताया गया है कि उनका ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर काफी नीचे चला गया है। इस बीच, एनईईटी पेपर लीक मामले में पहले 26 दिन तक भूख हड़ताल कर चुके सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने फोन पर उनसे बात की और कम से कम पानी पीने की सलाह दी। इसके बाद महतो ने पानी पीना शुरू किया।
राहुल गांधी ने छात्रों से की बातचीत, भाजपा ने साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी फोन पर छात्रों से बातचीत कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया। छात्र नेताओं ने कहा कि यदि कांग्रेस झारखंड सरकार पर दबाव बनाने में सफल नहीं होती है तो उसे गठबंधन से अलग हो जाना चाहिए। वहीं भाजपा ने राहुल गांधी के इस कदम को राजनीतिक दिखावा करार दिया।
सीआईडी की जांच में तेजी, 2204 अभ्यर्थियों से मांगी गई ओएमआर शीट
सीआईडी की जांच के तहत पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष एल खियांगते से अब तक चार बार पूछताछ की जा चुकी है। मामले के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे अभय तिवारी से जुड़े मामले में सीआईडी ने गिरिडीह के बेंगाबाद स्थित उसके ससुराल पर छापा मारकर उसके ससुर विकास पांडेय को हिरासत में लिया। तिवारी के दोनों साले फरार बताए जा रहे हैं, जबकि उसकी पत्नी का भी पता नहीं चल पाया है। जांच एजेंसी ने परीक्षा में सफल हुए सभी 2204 अभ्यर्थियों से 7 अगस्त तक कार्बन ओएमआर शीट जमा करने के निर्देश दिए हैं।
आज सड़कों पर उतरेगा आईसा
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईसा) ने भी शुक्रवार सुबह 11 बजे आंदोलन में शामिल होने की घोषणा की है। संगठन ने बताया कि उसका पहला पड़ाव बिरसा मुंडा चौक होगा। आईसा ने इस अभियान को ‘जेन-जी राइजिंग’ टूर नाम दिया है।



