बिहार

पटना में युवक की मौत के बाद हिंसा की आग, बस समेत कई वाहन फूंके; पत्रकारों पर हमला, पुलिस को भी खदेड़ा

पटना: बिहार की राजधानी पटना में सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। गुस्साई भीड़ ने दुर्घटना में शामिल बस को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद हिंसा बढ़ने पर तीन जीप और कई बाइक भी जला दी गईं। उपद्रव के दौरान पुलिस को पीछे हटना पड़ा, जबकि घटनास्थल की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों पर भी हमला किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

बस की टक्कर से युवक की मौत, भड़का लोगों का गुस्सा

घटना अगमकुआं थाना क्षेत्र के पटना सिटी इलाके की है। जानकारी के अनुसार, पहाड़ी के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया, जबकि यात्री भी वाहन से उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

बस, पुलिस की जीप और कई बाइक को किया आग के हवाले

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक की मौत से आक्रोशित भीड़ ने पहले बस को घेरकर उसमें आग लगा दी। इसके बाद हिंसा बढ़ने पर तीन जीप, जिन्हें पुलिस की गाड़ियां बताया जा रहा है, भी आग के हवाले कर दी गईं। मौके पर खड़ी कई बाइक भी जलकर राख हो गईं। बताया जा रहा है कि इनमें कुछ मीडियाकर्मियों की बाइक भी शामिल थीं।

दमकल और पुलिस को भी लौटना पड़ा

आग बुझाने पहुंची दमकल की टीम को भी उपद्रवियों के विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके कारण कर्मियों को बिना आग बुझाए लौटना पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंची पुलिस को भी भीड़ के विरोध के चलते पीछे हटना पड़ा। कुछ पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

पत्रकारों पर जानलेवा हमला, माइक आईडी छीनी

घटनास्थल की कवरेज कर रहे पत्रकारों को भी उपद्रवियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। रिपोर्टिंग के दौरान मीडियाकर्मियों पर हमला किया गया और एक समाचार चैनल के पत्रकार की माइक आईडी छीन ली गई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

भारी पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में

सूचना मिलने के बाद कई थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एएसपी राज कुमार सिंह ने बताया कि सड़क पार करते समय युवक बस की चपेट में आया था। हादसे के बाद भीड़ में मौजूद उपद्रवी तत्वों ने हिंसा फैलाते हुए कई वाहनों में आग लगा दी। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है। तनाव को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button