
पटना: सावन की तीसरी सोमवारी और नागपंचमी के मौके पर पटना के बख्तियारपुर में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रानीसराय जहाजी घाट पर स्नान करने पहुंची सात लड़कियां डूबने लगीं। स्थानीय लोगों की मदद से तीन लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चार बच्चियां गंगा की तेज धारा में बह गईं। इनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो बच्चियों की तलाश जारी है। एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है।
दो बच्चियों को डूबता देख बचाने उतरीं अन्य लड़कियां
बताया गया कि सोमवार को रानीसराय जहाजी घाट पर गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान दो लड़कियां नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। दोनों को डूबता देखकर घाट पर मौजूद पांच-छह अन्य लड़कियां उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गईं। देखते ही देखते वे भी गहरे पानी में फंस गईं।
घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और तीन लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि चार बच्चियां नदी में डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया और नदी में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
तीन सगे भाइयों की चार बेटियां हादसे का शिकार
हादसे में डूबी चारों बच्चियां एक ही परिवार से हैं। बताया गया है कि वे तीन सगे भाइयों की बेटियां हैं। इनमें दो सगी बहनें और दो चचेरी बहनें हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डूबने वाली बच्चियों की पहचान नंदिनी कुमारी (16), आरती कुमारी (21), राधिका कुमारी (17) और बॉबी कुमारी (12) के रूप में हुई है। इनमें से दो के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य बच्चियों की तलाश की जा रही है।
एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
स्थानीय लोगों द्वारा शुरुआती बचाव के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासन की ओर से भी घटनास्थल पर निगरानी रखी जा रही है। परिवार के लोग भी घाट पर मौजूद हैं और बच्चियों के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
बिहार में लगातार सामने आ रहे नदी हादसे
सावन की सोमवारी पर बिहार में नदी और धार्मिक स्थलों से जुड़े कई हादसे सामने आए हैं। इससे पहले रविवार को मुजफ्फरपुर में एक गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि तीसरे बच्चे का इलाज चल रहा है। वहीं पटना सिटी में गंगा स्नान के दौरान तीन लड़कों के डूबने की खबर सामने आई थी। उनकी तलाश के लिए भी एसडीआरएफ की मदद ली जा रही है।
लखीसराय के अशोक धाम में भगदड़ से सात मौतें
इसी बीच लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में सोमवार सुबह भगदड़ मचने से सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 19 से अधिक लोग घायल हुए हैं। बताया गया कि बिजली का पोल गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह से श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई। इसी दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं गिर गईं और भीड़ में कुचल गईं।
जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने घटना की जांच कराने की बात कही है। बताया गया कि एक साथ दो ट्रेनों के पहुंचने से बड़ी संख्या में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ी थी, जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने में परेशानी हुई।



